औरैया के एरवाकटरा थाना क्षेत्र में बिधूना-किशनी मार्ग पर लिफ्ट मांगकर एक बर्तन व्यापारी की जेब से 38 हजार रुपये पार करने का मामला सामने आया है। घटना भागीदार जन सेवा केंद्र के पास की बताई जा रही है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने में जुट गई है। पीड़ित व्यापारी ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
एरवा कुईली निवासी बर्तन व्यापारी अलाउद्दीन उर्फ मुन्ना स्कूटी से बिधूना की ओर से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में खड़े दो युवकों में से एक ने बाइक में हवा कम होने की बात कहकर कुछ दूर तक लिफ्ट मांगी। व्यापारी ने इंसानियत के नाते उसे अपनी स्कूटी पर बैठा लिया। कुछ दूरी पर पीछे से आए उसके साथी की बाइक पर बैठकर वह युवक स्कूटी से उतर गया और दोनों वहां से निकल गए।
युवक के जाने के बाद व्यापारी ने अपनी जेब देखी तो उसमें रखे 38 हजार रुपये गायब थे। उन्हें जेब कटने का पता चला तो उन्होंने बाइक सवार युवकों का पीछा करने की कोशिश की, लेकिन दोनों तेजी से वहां से निकल गए। इसके बाद व्यापारी और उनके परिजनों ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी। फुटेज में हेलमेट पहने दो संदिग्ध युवक नजर आए हैं। पीड़ित की तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सीओ बिधूना पी. पुनीत मिश्र ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया है। पुलिस घटना की सत्यता का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं से जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले का जल्द खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।





















