अयोध्या के पूरा बाजार ब्लॉक मुख्यालय में भाजपा के सेवा सेतु अभियान के तहत जनकल्याण शिविर की शुरुआत हुई। शिविर का उद्घाटन विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने किया। इस दौरान आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को सम्मानित किया गया। दो गर्भवती महिलाओं की गोद भराई और दो बच्चों का अन्नप्राशन कराया गया। वहीं तीन दिव्यांग लाभार्थियों को ट्राईसाइकिल वितरित की गईं।
शिविर में विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल लगाए गए हैं, जहां लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ उनकी शिकायतों और समस्याओं के समाधान का प्रयास किया जा रहा है। शिविर में मौके पर बनाए गए 10 आयुष्मान कार्ड भी लाभार्थियों को वितरित किए गए। इससे पहले विधायक वेद प्रकाश गुप्ता और महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव सहित पार्टी पदाधिकारियों ने विभिन्न विभागों की ओर से लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने कहा कि सेवा सेतु अभियान का उद्देश्य सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों की मौजूदगी में लोगों को योजनाओं की जानकारी दी जा रही है और उनकी समस्याओं के समाधान का प्रयास किया जा रहा है। महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव ने कहा कि अभियान के माध्यम से समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
शिविर का संचालन 7 अक्टूबर तक किया जाएगा। इस दौरान अलग-अलग विभागों के स्टॉल पर पहुंचकर लोग योजनाओं की जानकारी और अपनी समस्याओं के समाधान के लिए संपर्क कर सकते हैं। कार्यक्रम में तिलकराम मौर्य, अरविंद सिंह, शशि प्रताप सिंह, हरभजन गौड़, शैलेंद्र कोरी, दीपेंद्र सिंह, जय प्रकाश श्रीवास्तव, रीना द्विवेदी, गरिमा मौर्य, शिवम शुक्ला, स्वाति सिंह, रामप्रीत वर्मा, प्रवीण दुबे, कपिल देव वर्मा, नंदकुमार सिंह, वरुण चौधरी, देवता पटेल और दिनेश मिश्रा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।





















