बहराइच। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय बेगमपुर का निरीक्षण कर छात्राओं को मिल रही शैक्षिक और आवासीय सुविधाओं का जायजा लिया। कक्षाओं में पहुंचकर उन्होंने छात्राओं से आत्मीय संवाद किया और पढ़ाई के साथ विद्यालय में मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। इस दौरान डीएम ने छात्राओं से 17, 14 और 19 के पहाड़े सुने और उनकी शैक्षिक समझ परखी। उन्होंने छात्राओं को पढ़ाई के प्रति सकारात्मक सोच रखते हुए निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।
नामांकन के सापेक्ष छात्राओं की उपस्थिति कम मिलने पर जिलाधिकारी ने वार्डेन से जानकारी ली। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उन्होंने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को संबंधित वार्डेन का स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आवासीय विद्यालय में नामांकित प्रत्येक छात्रा की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित की जाए और अनुपस्थित रहने वाली छात्राओं की प्रभावी निगरानी की जाए। डीएम ने गणित की पूर्णकालिक शिक्षिका कायनात खानम से छात्राओं की पढ़ाई के बारे में जानकारी ली और उनसे भी सवाल किए।
छात्राओं की गणित विषय में समझ अपेक्षित स्तर की न मिलने पर जिलाधिकारी ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के प्रति नाराजगी जताई और शिक्षा की गुणवत्ता में प्रभावी सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के साथ उनकी विषयगत समझ और सीखने की क्षमता को मजबूत किया जाए। इसके बाद उन्होंने विद्यालय की रसोई और भंडार गृह का निरीक्षण किया तथा छात्राओं के भोजन में इस्तेमाल होने वाली खाद्य सामग्री की गुणवत्ता देखी। उन्होंने निर्धारित मानकों के अनुसार स्वच्छ और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि आवासीय विद्यालय में रहने वाली छात्राओं की शिक्षा, सुरक्षा, स्वास्थ्य और सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जाना जरूरी है। उन्होंने विद्यालय में सुरक्षा प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन और सभी व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के अंत में डीएम ने छात्राओं को स्टडी टेबल, डस्टर और मार्कर भेंट किए तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।





















