अयोध्या में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत तीन अक्टूबर को ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम तुलसी उद्यान में सुबह 11 बजे से शुरू होगा। इसमें विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां आम लोगों को राज्य और केंद्र सरकार की ओर से संचालित कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।
अपर नगर आयुक्त भारत भार्गव ने बताया कि कार्यक्रम के माध्यम से जनसामान्य को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही उन्हें इन योजनाओं का लाभ लेने के लिए जागरूक किया जाएगा। कार्यक्रम में लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक तैयारियां करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि मुख्य विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह ने विभिन्न विभागों को कार्यक्रम में स्टॉल लगाने और अधिक से अधिक जनसहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। स्टॉल के माध्यम से विभागीय योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता और प्लास्टिक मुक्त अभियान को लेकर भी लोगों को जागरूक किया जाएगा। आयोजकों का उद्देश्य सरकारी योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने के साथ स्वच्छता के प्रति जनभागीदारी बढ़ाना भी है।





















