अयोध्या में दुर्गा पूजा और दशहरा उत्सव की तैयारियों को लेकर नगर निगम प्रशासन और केंद्रीय दुर्गापूजा एवं रामलीला समन्वय समिति की संयुक्त बैठक हुई। बैठक में शहर की साफ-सफाई, सड़क, नाली, रोड लाइट के साथ पूजा और रामलीला समितियों से जुड़ी व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई। महापौर गिरीश पति त्रिपाठी ने कहा कि दुर्गा पूजा और दशहरा अब कुछ समितियों तक सीमित नहीं रहे, बल्कि जनसहभागिता का उत्सव बन चुके हैं।
महापौर ने पूजा और रामलीला समितियों से उत्सव को अनुशासित एवं व्यवस्थित तरीके से मनाने और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि व्यवस्थाओं को लेकर नगर निगम समितियों के साथ है। बैठक में केंद्रीय समिति के जिला अध्यक्ष मनोज जायसवाल ने केंद्रीय दुर्गापूजा के संस्थापक भगवान जायसवाल की प्रतिमा शहर के किसी प्रमुख चौराहे पर स्थापित कराने और चौराहे का नाम उनके नाम पर रखने की मांग भी उठाई।
नगर आयुक्त जयंत कुमार ने पूजा समितियों से प्लास्टर ऑफ पेरिस की मूर्तियों और रासायनिक रंगों के इस्तेमाल से बचने की अपील की। उन्होंने मिट्टी की मूर्तियों को प्राथमिकता देने की बात कही और आश्वासन दिया कि नगर निगम से जुड़े आवश्यक कार्य उत्सव से पहले पूरे करा दिए जाएंगे। केंद्रीय समिति के प्रमुख संरक्षक एवं पूर्व पालिका अध्यक्ष विजय कुमार गुप्ता ने भी तैयारियों से जुड़े कार्य जल्द पूरा कराने पर जोर दिया।
बैठक में टूटी सड़कों, नालों-नालियों पर पत्थर रखने, रोड लाइट और सफाई से जुड़ी समस्याएं भी उठाई गईं। केंद्रीय समिति के संयोजक गगन जायसवाल ने विभिन्न पूजा और रामलीला समितियों की समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। बैठक में नगर निगम अधिकारी, पार्षद, केंद्रीय समिति के पदाधिकारी और विभिन्न पूजा व रामलीला समितियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।





















