अयोध्या में पूर्व मंत्री तेज नारायण पांडेय ‘पवन’ के कृष्णापुर स्थित आवास पर आयोजित साप्ताहिक श्रीमद्भागवत कथा के पहले दिन भव्य कलश यात्रा निकाली गई। पूर्वाह्न करीब 11 बजे शुरू हुई यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं सिर पर कलश रखकर शामिल हुईं। यात्रा रसूलाबाद-हैंसा होते हुए कथा स्थल पहुंची।
कलश यात्रा में हाथी और घोड़े के साथ डीजे पर भजन-कीर्तन भी चलता रहा। करीब एक किलोमीटर लंबी यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। यात्रा के कथा स्थल पहुंचने पर कथा व्यास आचार्य राघवाचार्य महाराज ने श्रद्धालुओं को आशीर्वाद दिया। कलश यात्रा के दौरान भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा।
कथा स्थल पर पूर्व मंत्री तेज नारायण पांडेय ‘पवन’ ने कलश यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं का आभार जताया। उन्होंने श्रद्धालुओं को अपराह्न तीन बजे से शुरू होने वाली श्रीमद्भागवत कथा में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया।
कलश यात्रा में पूर्व मंत्री आनंद सेन यादव, वरिष्ठ नेता सूर्यकांत पांडेय, लड्डू लाल यादव, रक्षा राम पांडेय, गोपीनाथ वर्मा, राजेश वर्मा, आशीष वर्मा, बालयोगी करतलिया बाबा और महंत दिलीप दास समेत कई लोग शामिल रहे। कथा के पहले दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी रही।





















