सुल्तानपुर में एक निजी क्लिनिक में सिजेरियन ऑपरेशन के बाद नवजात की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने चिकित्सकीय लापरवाही का आरोप लगाते हुए क्लिनिक पर जमकर हंगामा किया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने का प्रयास किया।
परिजनों का आरोप है कि प्रसव पीड़िता के सिजेरियन ऑपरेशन के दौरान लापरवाही बरती गई। उनका यह भी दावा है कि ऑपरेशन के दौरान महिला की बच्चेदानी निकाल दी गई, जिसके बाद उनका आक्रोश और बढ़ गया। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
हंगामे की सूचना पर सीओ लंभुआ ऋतिक कपूर समेत कई थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। पुलिस ने परिजनों से बातचीत कर मामले की जानकारी ली और स्थिति को नियंत्रित किया।
वहीं, मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच के लिए नोडल अधिकारी और सीएचसी अधीक्षक को मौके पर भेजा गया है। स्वास्थ्य विभाग की जांच के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति और जिम्मेदारी को लेकर तस्वीर साफ हो सकेगी।





















