सुल्तानपुर। शिक्षक दंपती स्व. मुकेश सिंह और विनीता सिंह हत्याकांड का पुलिस की ओर से निर्धारित 48 घंटे की अवधि बीतने के बाद भी खुलासा नहीं हो सका है। मामले में अब शिक्षक समुदाय में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। शिक्षक संगठनों की बैठक में हत्याकांड का जल्द खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी और कठोर कार्रवाई की मांग की गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि शनिवार को जिले के शिक्षक, शिक्षामित्र और अनुदेशक काली पट्टी बांधकर शिक्षण कार्य करेंगे। संगठनों का कहना है कि इस माध्यम से शिक्षक समुदाय शांतिपूर्ण तरीके से अपनी नाराजगी और न्याय की मांग शासन-प्रशासन तक पहुंचाएगा।
इसके साथ ही शनिवार शाम 4:30 बजे तिकोनिया पार्क से कैंडल मार्च निकालने का निर्णय लिया गया है। शिक्षक संगठनों ने कहा कि कैंडल मार्च के जरिए हत्याकांड के पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करने के साथ आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग उठाई जाएगी।
शिक्षक संगठनों ने जिले के शिक्षकों, शिक्षामित्रों और अनुदेशकों से काली पट्टी बांधकर शिक्षण कार्य करने और कैंडल मार्च में शामिल होने की अपील की है। संगठनों ने स्पष्ट किया कि प्रस्तावित कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से आयोजित किए जाएंगे और उनका उद्देश्य हत्याकांड का शीघ्र खुलासा तथा न्याय की मांग को शासन-प्रशासन तक पहुंचाना है।





















