नांदेड़ तक महसूस हुई हलचल
मुंबई। महाराष्ट्र के मराठवाड़ा क्षेत्र में शनिवार सुबह एक बार फिर भूकंप के झटके महसूस किए गए। हिंगोली जिले के हिंगोली और वसमत इलाकों में करीब तीन घंटे के भीतर दो बार धरती हिली। पहला झटका सुबह 7:47 बजे महसूस किया गया, जिसकी तीव्रता 3.3 दर्ज की गई। इसके बाद करीब 10 बजे एक और हल्का झटका महसूस हुआ।
भूकंप के झटकों का असर पड़ोसी नांदेड़ जिले में भी महसूस किया गया। नांदेड़ शहर और आसपास के ग्रामीण इलाकों में जमीन हिलने का एहसास होने पर कई लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए और खुले स्थानों पर पहुंच गए। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, भूकंप से किसी तरह की जनहानि या संपत्ति के नुकसान की सूचना नहीं है।
हिंगोली में लगातार महसूस हो रहे झटके
हिंगोली क्षेत्र में पिछले कुछ समय से हल्के भूकंपीय झटके महसूस किए जाते रहे हैं। इससे पहले एक अक्तूबर की रात करीब 9:41 बजे वसमत तहसील के पांगरा शिंदे इलाके में भी जमीन हिलने और तेज आवाज सुनाई देने की बात सामने आई थी। हालांकि, उस घटना का तकनीकी रिकॉर्ड सिस्मोग्राफ में दर्ज नहीं हुआ था।
इसके करीब 48 घंटे बाद शनिवार सुबह हिंगोली में 3.3 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, उस दौरान तेज आवाज के साथ घरों, बर्तनों और लकड़ी के सामान में कंपन महसूस हुआ।
प्रशासन अलर्ट, लोगों से सावधानी बरतने की अपील
लगातार भूकंप के झटकों के बाद हिंगोली और नांदेड़ जिला प्रशासन सतर्क हो गया है। राजस्व और पुलिस विभाग की टीमों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं। आपातकालीन नियंत्रण कक्ष के माध्यम से स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
प्रशासन ने लोगों से घबराने के बजाय सावधानी बरतने और अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है। अधिकारियों के मुताबिक, स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।





















