सरोजनीनगर, लखनऊ। बिजनौर थाना क्षेत्र के रहीमाबाद निवासी विवाहिता किरन गौतम ने अपने पति समेत ससुराल के अन्य लोगों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने, मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। विवाहिता का विवाह 18 अप्रैल 2024 को उन्नाव जिले के मोहान क्षेत्र स्थित कमलापुर निवासी सुरेंद्र कुमार के साथ हुआ था।
पीड़िता का आरोप है कि शादी के बाद पति सुरेंद्र कुमार, ससुर धनीराम, सास केशाना, ननद कंचन उर्फ अर्चना, ननदोई हरिकरन और देवर बालेन्द्र उसे कम दहेज लाने का ताना देकर परेशान करने लगे। आरोप है कि ससुराल पक्ष की ओर से 10 लाख रुपये और टाटा टियागो कार की मांग की जाती थी। किरन ने पति पर अभद्र व्यवहार करने का भी आरोप लगाया है। उसके मुताबिक 26 और 27 जुलाई 2025 को उसके साथ मारपीट और धमकी दी गई।
किरन के अनुसार, 28 जुलाई को उसे मोहान रोड स्थित लेखपेडा चौराहे से विक्रम में बैठाकर मायके भेज दिया गया। इसके बाद 16 सितंबर को ससुराल पक्ष के लोगों ने उसे काकोरी थाना क्षेत्र स्थित घुरघुरी तालाब के पास बुलाया, जहां कुछ कागजों पर हस्ताक्षर कराने के बाद रुपये और सामान देकर वहां से चले गए। पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद भी मामला नहीं सुलझा और 21 मार्च 2026 को उसके पति ने बिना तलाक लिए दूसरी महिला से शादी कर ली।
फिलहाल पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट होगी। वहीं, विवाहिता ने पुलिस से मामले में कार्रवाई की मांग की है। नोट: खबर में लगाए गए आरोप पीड़िता की शिकायत पर आधारित हैं; आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।





















