लखनऊ के सरोजनीनगर में सोमवार सुबह उलटी दिशा से जा रहे इलेक्ट्रिक ऑटो की सामने से आ रही बाइक से टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार चोटिल हो गया, जबकि टक्कर के बाद ऑटो चालक उछलकर सड़क पर जा गिरा। सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक, उन्नाव जिले के सोहरामऊ थाना क्षेत्र के सहरावां गांव निवासी अमृतलाल (35) सोमवार सुबह करीब 9:15 बजे नादरगंज की ओर से इलेक्ट्रिक ऑटो लेकर सरोजनीनगर थाना क्षेत्र के 32 बटालियन पीएसी तिराहे के पास पहुंचा था। बताया गया कि सड़क पार करने के बाद वह उलटी दिशा से कानपुर रोड पर आरटीओ कार्यालय की ओर जा रहा था।
इसी दौरान चुंगी की ओर से आ रही एक बाइक से ऑटो की टक्कर हो गई। टक्कर के बाद बाइक सवार बाइक समेत सड़क पर गिर गया, जबकि ऑटो चालक अमृतलाल भी उछलकर नीचे जा गिरा। सिर में गंभीर चोट लगने से अमृतलाल की मौके पर ही मौत हो गई। बाइक सवार को मामूली चोटें आईं और वह बाइक लेकर वहां से चला गया।
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और अमृतलाल के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस हादसे की जांच कर आगे की कार्रवाई कर रही है।





















