अयोध्या में सोमवार को मतदाता सूची और चुनाव प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं के विरोध में समाजवादी पार्टी ने प्रदर्शन किया। सपा कार्यकर्ताओं ने गांधी पार्क से कचहरी तक पैदल मार्च निकाला। सांसद अवधेश प्रसाद ने गांधी प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद मार्च को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारेबाजी की और उनका पुतला फूंका।
मार्च के दौरान सपा नेताओं ने मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए पात्र मतदाताओं के नाम सूची में बनाए रखने और चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग की। कलेक्ट्रेट पहुंचने के बाद कार्यकर्ताओं ने गेट पर सिटी मजिस्ट्रेट को राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा। सांसद अवधेश प्रसाद ने आरोप लगाया कि मतदाता सूची से नाम हटाए जाने और चुनाव प्रक्रिया को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने मुख्य निर्वाचन आयुक्त को पद से हटाने या उनके इस्तीफे की मांग की।
पूर्व मंत्री तेज नारायण पांडेय ‘पवन पांडे’ ने कहा कि मतदाता सूची लोकतांत्रिक व्यवस्था की बुनियाद है और किसी पात्र नागरिक का नाम हटने से उसके मतदान के अधिकार पर असर पड़ सकता है। पूर्व मंत्री आनंद सेन यादव ने मतदाता सूची में संशोधन की प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने की मांग की। पूर्व विधायक अब्बास अली जैदी ‘रुश्दी मियां’ ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया में जनता का विश्वास बनाए रखने के लिए निर्वाचन आयोग को उठ रहे सवालों पर स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।
पूर्व विधायक जयशंकर पांडेय ने मताधिकार की रक्षा को लोकतंत्र की पहली शर्त बताया। सपा जिलाध्यक्ष जय सिंह यादव ने कहा कि पार्टी ने सात दिवसीय ‘लोकतंत्र बचाओ अभियान’ शुरू किया है, जिसके तहत कार्यकर्ता गांव और बूथ स्तर पर मतदाता सूची की स्थिति की जानकारी लेंगे। महानगर अध्यक्ष श्याम कृष्ण श्रीवास्तव ने मतदाता सूची से जुड़ी शिकायतों के निष्पक्ष समाधान की मांग की। प्रदर्शन में अमृत राजपाल, अजीत प्रसाद, हाजी फिरोज खान गब्बर, लौटन राम निषाद, राघवेंद्र प्रताप सिंह, अनूप, बख्तियार खान, हामिद जाफर मीशम और शावेज जाफरी एडवोकेट समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।





















