लखनऊ। बंथरा थाना क्षेत्र के लोनहा गांव में बुधवार को संदिग्ध परिस्थितियों में एक विवाहिता की मौत हो गई। उसका शव घर के कमरे में दुपट्टे के सहारे पंखे के हुक से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, मृतका के मायके वालों ने पति समेत ससुराल पक्ष के लोगों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या करने का आरोप लगाया है।
पुलिस के मुताबिक, उन्नाव जिले के हसनगंज थाना क्षेत्र के फरहदपुर स्थित अच्छे खेड़ा अखौली निवासी स्मिता शर्मा उर्फ निधि (25) की करीब डेढ़ वर्ष पहले लोनहा गांव निवासी अतुल शर्मा से शादी हुई थी। अतुल अमौसी स्थित एक निजी कंपनी में नौकरी करता है। दंपती मकान के निचले हिस्से में रहते थे, जबकि स्मिता के ससुर अशोक शर्मा, सास नीलम, देवर सनी और ननद स्वाति ऊपरी मंजिल पर रहते हैं।
बताया जाता है कि मंगलवार शाम अतुल दशहरा का मेला देखने गया था। रात करीब 10 बजे उसने अपने पिता को फोन कर सुबह घर लौटने की बात कही। बुधवार सुबह करीब नौ बजे घर पहुंचने पर अतुल और स्मिता के बीच विवाद हुआ। स्मिता इस बात से नाराज थी कि अतुल ने रात में घर नहीं लौटने की जानकारी अपने पिता को दी, लेकिन उसे नहीं बताया। इसके बाद अतुल खाना खाकर ड्यूटी पर चला गया।
दोपहर में अतुल की चाची स्मिता के लिए खाना लेकर कमरे में पहुंचीं तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। कई बार आवाज देने के बाद भी जवाब नहीं मिलने पर अतुल के छोटे भाई सनी ने दरवाजे की कुंडी तोड़ी। अंदर स्मिता दुपट्टे के सहारे पंखे के हुक से लटकी मिली। इसके बाद पुलिस और मायके वालों को सूचना दी गई। शाम करीब पांच बजे मायके पक्ष के पहुंचने के बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतका के मायके वालों का आरोप है कि दहेज में मिले सामान को पुराना बताकर ससुराल वाले स्मिता को आए दिन ताने देते थे और प्रताड़ित करते थे। उन्होंने पति समेत ससुराल पक्ष के लोगों पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।





















