लखनऊ। बंथरा थाना क्षेत्र के एक गांव से सोमवार शाम 17 वर्षीय किशोरी संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। परिजनों ने आसपास के इलाकों में काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद किशोरी के पिता ने एक युवक पर बेटी को बहला-फुसलाकर ले जाने का संदेह जताते हुए पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
किशोरी के पिता के मुताबिक, सोमवार शाम करीब 7:30 बजे वह घर पहुंचे तो उनकी बेटी वहां मौजूद नहीं थी। कुछ देर बाद उनकी पत्नी दूध लेकर घर आईं। बेटी के बारे में पूछने पर उन्हें भी कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद परिवार के लोगों ने आसपास के इलाकों और संभावित स्थानों पर उसकी तलाश की, लेकिन कोई पता नहीं चला।
काफी खोजबीन के बाद किशोरी के पिता ने डायल 112 पर सूचना दी। उन्होंने सादुल्ला नगर गांव निवासी मोहित पुत्र द्रोणाचार्य उर्फ दुन्ना पर बेटी को बहला-फुसलाकर ले जाने का संदेह जताया। पिता ने बेटी की सुरक्षा को लेकर चिंता व्यक्त करते हुए किसी अनहोनी की आशंका भी जताई और पुलिस को तहरीर दी।
पुलिस ने किशोरी के पिता की शिकायत के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है और किशोरी का पता लगाने के प्रयास जारी हैं।





















