अयोध्या। रबी 1434 फसली वर्ष 2026-27 के लिए नहरों की सिल्ट सफाई को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी की अध्यक्षता में सिल्ट सफाई समिति की बैठक हुई। बैठक में अयोध्या और बाराबंकी जिले में नहरों की सिल्ट सफाई से जुड़ी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई। समिति ने कुल 181.20 लाख रुपये की प्रस्तावित कार्ययोजना को मंजूरी दी।
बैठक में अयोध्या जिले में 74.300 किलोमीटर राजवाहा और 272.260 किलोमीटर अल्पिका तथा बाराबंकी में 23.680 किलोमीटर राजवाहा और 102.930 किलोमीटर अल्पिका की सिल्ट सफाई के प्रस्ताव पर विचार किया गया। दोनों जिलों को मिलाकर कुल 449.490 किलोमीटर नहरों की सफाई कराई जाएगी। इसके लिए समिति ने 181.20 लाख रुपये की धनराशि की कार्ययोजना का अनुमोदन किया।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सिल्ट सफाई का कार्य निर्धारित मानकों के अनुसार गुणवत्तापूर्ण तरीके से कराया जाए। उन्होंने काम में पारदर्शिता और समयबद्धता बनाए रखने के साथ यह सुनिश्चित करने को कहा कि सफाई के बाद नहरों में पानी का प्रवाह सुचारु रहे। इसका उद्देश्य किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त सुविधा उपलब्ध कराना है।
प्रस्ताव के अनुसार नहरों की सिल्ट सफाई का कार्य नहर बंदी अवधि में 15 अक्टूबर से 15 दिसंबर 2026 के बीच कराया जाएगा। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह, अधिशासी अभियंता सिंचाई रजनीश गौतम समेत समिति के अन्य सदस्य मौजूद रहे।





















