अयोध्या में गांधी जयंती के मौके पर नगर निगम कार्यालय में ध्वजारोहण के बाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने महात्मा गांधी को याद करते हुए कहा कि दुनिया ने गांधी के सत्याग्रह से अपने अधिकारों और स्वतंत्रता के लिए संघर्ष करना सीखा। उन्होंने गांधी को लोकतांत्रिक मूल्यों का प्रतीक बताते हुए उनके विचारों को आज भी प्रासंगिक बताया।
नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने गांधी के विचारों से प्रेरणा लेते हुए स्वच्छता अभियान को आगे बढ़ाने की जरूरत पर जोर दिया। कार्यक्रम में पार्षद चंदन सिंह, ज्ञान केशरवानी और अपर आयुक्त डॉ. नागेंद्र नाथ ने भी अपने विचार रखे। इस दौरान पार्षद जगत नारायण यादव, अनीता द्विवेदी, हरिश्चंद्र अग्रहरि, अपर नगर आयुक्त भारत भार्गव समेत नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान स्कूली बच्चों ने गांधी के प्रिय भजनों की प्रस्तुति दी। उनकी प्रस्तुति से माहौल भावपूर्ण हो गया। महापौर ने बच्चों को सम्मानित कर उनका उत्साह बढ़ाया। इसके बाद मलिन बस्ती रेतिया में स्वच्छता अभियान चलाया गया, जहां सफाई कर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी गई।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने देश के पूर्व प्रधानमंत्री और महान स्वतंत्रता सेनानी लाल बहादुर शास्त्री को भी याद किया। वक्ताओं ने कहा कि गांधी और शास्त्री के विचार आज भी समाज को स्वच्छता, सादगी और जिम्मेदारी का संदेश देते हैं। गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में स्वच्छता और गांधी के विचारों को जीवन में अपनाने का संदेश दिया गया।





















