अयोध्या। शहर के टकसाल चौक स्थित प्राचीन रामजानकी मंदिर में चोरी की घटना से सनसनी फैल गई। चोर मंदिर का ताला तोड़कर भगवान राम, माता जानकी और लक्ष्मण की अष्टधातु से निर्मित तीन प्राचीन प्रतिमाएं उठा ले गए। इसके साथ ही पूजा-पाठ का सामान और मंदिर में लगा घंटा भी गायब मिला। शुक्रवार शाम आरती के लिए पहुंचे पुजारी को घटना की जानकारी हुई, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
रामयश कीर्तन सभा टकसाल चौक के अध्यक्ष सुनील कुमार त्रिवेदी ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि प्रभात टाकीज के समीप स्थित रामजानकी मंदिर काफी प्राचीन है। 25 सितंबर की शाम जब पुजारी आरती करने पहुंचे तो मंदिर का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखने पर भगवान राम, माता जानकी और लक्ष्मण की प्रतिमाएं गायब थीं। पूजा सामग्री और घंटा भी नहीं मिला।
तहरीर के आधार पर कोतवाली नगर में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने दिल्ली दरवाजा निवासी एक व्यक्ति को नामजद किया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम ने जांच तेज कर दी है और संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं।
प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि मंदिर से अष्टधातु की प्रतिमाएं गायब होने की सूचना शुक्रवार रात मिली थी। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है और जल्द ही घटना का खुलासा करने की बात कह रही है।





















