बहराइच। जिले के चार गांवों में स्वास्थ्य उपकेंद्रों का निर्माण कराया जाएगा। इसके साथ ही बौंडी गांव में बी-पैक्स भवन भी बनाया जाएगा। जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय ने इन परियोजनाओं के लिए संबंधित गांवों में भूमि आवंटित कर दी है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और सहकारी गतिविधियों को बढ़ावा देने की दिशा में कदम उठाया गया है।
प्रशासन की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, तहसील व परगना नानपारा के ग्राम बौंडी में गाटा संख्या 1338 की नवीन परती भूमि में से 0.0400 हेक्टेयर भूमि स्वास्थ्य उपकेंद्र के निर्माण के लिए आवंटित की गई है। इसी गांव में बी-पैक्स बंदूपुरवा के भवन निर्माण के लिए इसी गाटा संख्या से 0.0800 हेक्टेयर भूमि भी आवंटित की गई है।
ग्राम सैय्यदनगर में गाटा संख्या 748 से 0.0400 हेक्टेयर भूमि स्वास्थ्य उपकेंद्र के निर्माण के लिए दी गई है। वहीं, तहसील मिहींपुरवा (मोतीपुर) के परगना नानपारा स्थित ग्राम नौसर गुमटिहा में गाटा संख्या 570 की 0.0280 हेक्टेयर भूमि और परगना धर्मापुर के ग्राम सेमरहना में गाटा संख्या 4/1 मि. की भूमि स्वास्थ्य उपकेंद्र के लिए आवंटित की गई है।
स्वास्थ्य उपकेंद्रों के लिए भूमि का आवंटन प्रमुख सचिव, चिकित्सा एवं परिवार कल्याण विभाग, उत्तर प्रदेश शासन के पक्ष में किया गया है। वहीं, बौंडी में बी-पैक्स भवन के निर्माण के लिए भूमि प्रमुख सचिव, सहकारिता विभाग, उत्तर प्रदेश शासन के पक्ष में आवंटित की गई है। इन परियोजनाओं के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं और सहकारिता से जुड़ी सेवाओं को बेहतर बनाने की उम्मीद है।





















