चंदौली। वाराणसी के नमो घाट पर 22, 24 और 25 अक्टूबर को आयोजित होने वाले एयर शो को लेकर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में बुधवार को वाराणसी परिक्षेत्र के डीआईजी वैभव कृष्ण ने चंदौली में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने पुलिसकर्मियों की ब्रीफिंग कर सभी जवानों को सतर्क रहने, समय से ड्यूटी स्थल पर पहुंचने और आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारी निभाने के निर्देश दिए।
डीआईजी ने मुगलसराय स्थित जयपुरिया स्कूल में पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल और जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग की मौजूदगी में पुलिस बल को ब्रीफ किया। उन्होंने कहा कि एयर शो के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है। इसके लिए सभी पुलिसकर्मी अपनी ड्यूटी पूरी मुस्तैदी से निभाएं और किसी भी परिस्थिति से निपटने के लिए तैयार रहें।
इसके बाद डीआईजी बहादुरपुर घाट पहुंचे, जहां उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया और वॉच टावर की स्थिति देखी। उन्होंने वहां तैनात पुलिसकर्मियों को लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आपात स्थिति की जानकारी मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाए, ताकि समय रहते स्थिति को नियंत्रित किया जा सके।
निरीक्षण के दौरान डीआईजी अनिल बाबा आश्रम, पड़ाव स्थित कंट्रोल रूम भी पहुंचे। यहां उन्होंने निगरानी व्यवस्था और कंट्रोल रूम की कार्यप्रणाली की समीक्षा की। संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को सूचनाओं का त्वरित आदान-प्रदान करने तथा सभी ड्यूटी स्थलों के बीच बेहतर तालमेल बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि एयर शो के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के साथ आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी आवश्यक इंतजाम प्रभावी ढंग से संचालित किए जाएं।





















