चंदौली। भारतीय वायुसेना की ओर से 22, 24 और 25 अक्टूबर को आयोजित होने वाले एयर शो को देखते हुए जिला प्रशासन ने छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के मद्देनजर अहम निर्णय लिया है। इसके तहत पीडीडीयू नगर और नियामताबाद क्षेत्र के विद्यालयों में 22 और 24 अक्टूबर को कक्षाओं का संचालन ऑनलाइन माध्यम से किया जाएगा।
जिला विद्यालय निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि जिलाधिकारी के आदेश के अनुपालन में दोनों क्षेत्रों के विद्यालयों में इन दो दिनों के लिए भौतिक पठन-पाठन स्थगित रहेगा। विद्यार्थियों को स्कूल बुलाने के बजाय ऑनलाइन पढ़ाई की व्यवस्था की जाएगी।
प्रशासन ने यह फैसला एयर शो के दौरान संभावित यातायात दबाव और आवागमन में होने वाली परेशानियों को ध्यान में रखते हुए लिया है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को किसी तरह की असुविधा से बचाना और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
जिला विद्यालय निरीक्षक ने संबंधित विद्यालयों के प्रबंधकों और प्रधानाचार्यों को निर्देश दिया है कि आदेश का कड़ाई से पालन किया जाए। साथ ही, निर्धारित दोनों दिनों में ऑनलाइन माध्यम से पढ़ाई सुनिश्चित कराई जाए, ताकि विद्यार्थियों की शैक्षणिक गतिविधियां प्रभावित न हों।





















