पीडीडीयू नगर। भारतीय रेल के विशेष अभियान-6 के तहत 22 अक्टूबर को पूर्व मध्य रेल सहित देशभर के रेलवे स्टेशनों पर एक दिवसीय ‘रेल जन संवाद’ आयोजित किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य यात्रियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं और सुझावों को समझना तथा रेलवे स्टेशनों पर स्वच्छता और यात्री सुविधाओं में सुधार करना है। अभियान के तहत यात्रियों की भागीदारी से रेलवे सेवाओं को बेहतर बनाने पर जोर दिया जाएगा।
रेल जन संवाद के दौरान यात्रियों, युवाओं और अन्य हितधारकों से स्वच्छता व्यवस्था और यात्री सुविधाओं से जुड़े सुझाव लिए जाएंगे। टिकटिंग, कैटरिंग सहित रेलवे की विभिन्न सेवाओं से संबंधित शिकायतों को संकलित कर उनकी समीक्षा की जाएगी। शिकायतों की प्रकृति के अनुसार उनके समाधान के लिए समयबद्ध कार्रवाई की योजना बनाई जाएगी, ताकि यात्रियों को होने वाली परेशानियों को दूर किया जा सके।
तीन श्रेणियों में बांटी जाएंगी शिकायतें
अभियान के दौरान प्राप्त शिकायतों और सुझावों को तीन श्रेणियों में विभाजित किया जाएगा। पहली श्रेणी में उन समस्याओं को रखा जाएगा, जिनका तत्काल समाधान संभव है। दूसरी श्रेणी में ऐसी समस्याएं शामिल होंगी, जिनके निस्तारण के लिए संबंधित विभागों के समन्वय और नियोजित कार्रवाई की आवश्यकता होगी। वहीं, तीसरी श्रेणी में दीर्घकालिक समस्याओं को शामिल किया जाएगा, जिनके समाधान के लिए विस्तृत कार्ययोजना, नीतिगत निर्णय या उच्चाधिकारियों की स्वीकृति जरूरी होगी।
वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में चलेगा अभियान
रेल जन संवाद के प्रभावी संचालन और निगरानी के लिए रेलवे मुख्यालय, मंडल और संबंधित इकाइयों के स्तर पर नोडल अधिकारियों की जिम्मेदारियां तय की गई हैं। प्रमुख स्टेशनों पर वरिष्ठ अधिकारियों के नेतृत्व में अभियान चलाया जाएगा, जबकि अन्य स्टेशनों पर संबंधित शाखा अधिकारियों और स्टेशन प्रबंधकों के माध्यम से यात्रियों से संवाद कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अभियान के तहत यात्रियों को कूड़ा निर्धारित डस्टबिन में डालने, प्लास्टिक कचरे का उचित निस्तारण करने और रेलवे परिसर को स्वच्छ रखने के लिए भी जागरूक किया जाएगा। पूर्व मध्य रेल ने यात्रियों से रेल जन संवाद में सक्रिय भागीदारी कर अपने सुझाव और समस्याएं साझा करने की अपील की है। रेलवे का उद्देश्य सामूहिक प्रयासों से स्टेशनों की स्वच्छता, यात्री सुविधाओं और सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार करना है।





















