उत्तर प्रदेश सरकार ने ग्राम प्रहरियों यानी ग्राम चौकीदारों के मानदेय में 40 प्रतिशत की बढ़ोतरी की है। अब उन्हें 2500 रुपये के बजाय 3500 रुपये प्रतिमाह मिलेंगे। इसके साथ ही कैशलैस स्वास्थ्य सुविधा का लाभ भी दिया जाएगा। शासन के इस फैसले के क्रम में मंगलवार को चंदौली में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान बरेली में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया, जिसे जिले के विभिन्न थानों से जुड़े ग्राम चौकीदारों ने देखा और सुना।
कार्यक्रम में सैयदराजा विधायक सुशील सिंह, चकिया विधायक कैलाश आचार्य और राज्यसभा सांसद साधना सिंह ने हिस्सा लेकर ग्राम प्रहरियों का उत्साह बढ़ाया। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल, अपर पुलिस अधीक्षक सदर विक्रम दहिया, क्षेत्राधिकारी लाइन डॉ. चारु द्विवेदी, क्षेत्राधिकारी कार्यालय संजय कुमार राय और प्रतिसार निरीक्षक वेदमणि मिश्रा समेत पुलिस विभाग के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
ग्राम प्रहरी ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस व्यवस्था की अहम कड़ी माने जाते हैं। गांवों में संदिग्ध गतिविधियों, आपराधिक घटनाओं, संभावित विवादों और कानून-व्यवस्था से जुड़ी परिस्थितियों की जानकारी पुलिस तक पहुंचाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। वे पुलिस और ग्रामीणों के बीच संपर्क सूत्र के रूप में काम करते हैं। सामाजिक तनाव, आपसी विवाद और त्योहारों के दौरान पैदा होने वाली संभावित समस्याओं की सूचना देकर भी वे शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करते हैं।
मानदेय में बढ़ोतरी और कैशलैस स्वास्थ्य सुविधा को ग्राम प्रहरियों के लिए राहत देने वाला कदम माना जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान उनसे अपने-अपने गांवों में सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि या कानून-व्यवस्था से जुड़ी महत्वपूर्ण सूचना तत्काल संबंधित थाना प्रभारी को देने की अपेक्षा की गई। चंदौली पुलिस ने अपराध नियंत्रण, जनसुरक्षा और प्रभावी पुलिसिंग के लिए ग्राम प्रहरियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता जताई।





















