चंदौली में विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में कलेक्ट्रेट परिसर स्थित ईवीएम वेयरहाउस में 12 अक्टूबर से इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) और वीवीपैट की फर्स्ट लेवल चेकिंग (एफएलसी) शुरू हो गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने मंगलवार को वेयरहाउस का निरीक्षण कर तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने वेयरहाउस की त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था और सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली की जांच की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सुरक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। साथ ही सीसीटीवी कैमरों के जरिए 24 घंटे निगरानी और रिकॉर्डिंग सुनिश्चित करने को कहा, ताकि वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था लगातार बनी रहे।
जिलाधिकारी ने बताया कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार एफएलसी की प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ कराई जाएगी। मशीनों की तकनीकी जांच विशेषज्ञ इंजीनियरों की टीम कर रही है। इसके अलावा मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय और राज्यस्तरीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में मशीनों की सीलिंग और मॉक पोल की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इस संबंध में राजनीतिक दलों के जिलाध्यक्षों और सचिवों को पहले ही सूचना दी जा चुकी है।
डीएम ने वेयरहाउस परिसर में साफ-सफाई, अग्निशमन यंत्रों की स्थिति और बैरिकेडिंग का भी निरीक्षण किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि आयोग के निर्धारित नियमों के तहत ही अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रवेश दिया जाएगा। वैध प्रवेश पास के बिना किसी को भी परिसर में जाने की अनुमति नहीं होगी। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी राजेश कुमार, सहायक निर्वाचन अधिकारी, राजनीतिक दलों के पदाधिकारी और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।





















