चंदौली में मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत मंगलवार को महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के लिए जागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में आयोजित इस अभियान के दौरान महिला पुलिसकर्मियों ने प्रमुख चौराहों पर यातायात व्यवस्था संभाली। एनसीसी की महिला कैडेट्स ने भी अभियान में सहयोग किया और लोगों को सड़क सुरक्षा के नियमों के प्रति जागरूक किया।
अभियान के दौरान महिला पुलिसकर्मियों ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहनों में सीट बेल्ट लगाने और सड़क पर सावधानी बरतने का संदेश दिया गया। महिला पुलिसकर्मियों की इस पहल के जरिए लोगों को यातायात नियमों के प्रति जिम्मेदार बनने के लिए प्रेरित किया गया।
इसके साथ ही बाजारों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं व बालिकाओं को उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी दी गई। पुलिसकर्मियों ने पंपलेट वितरित कर महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन से जुड़े जरूरी पहलुओं के बारे में बताया। अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करना और जरूरत पड़ने पर सहायता लेने के लिए प्रोत्साहित करना रहा।
पुलिस ने महिला हेल्पलाइन 181, वूमेन पावर लाइन 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और आपातकालीन पुलिस सहायता नंबर 112 की जानकारी भी दी। पुलिस के मुताबिक, मिशन शक्ति के तहत महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने तथा उन्हें जागरूक बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।





















