Dehradun Triple Murder: देहरादून में मंगलवार दोपहर एक घर से उठी चीख-पुकार ने पूरे इलाके को दहला दिया। रायपुर थाना क्षेत्र की विष्णु लोक कॉलोनी में एक ही मकान के भीतर तीन लोगों की हत्या कर दी गई। मृतकों में बुजुर्ग दंपति और उनके यहां काम करने वाली महिला शामिल हैं। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई। पुलिस ने एक व्यक्ति को पकड़कर पूछताछ शुरू की है। वारदात विष्णु लोक कॉलोनी के मकान नंबर 16 में हुई। यहां 80 वर्षीय के.एस. कपूर अपनी 76 वर्षीय पत्नी रजनी कपूर के साथ रहते थे। उनके घर में 55 वर्षीय शीला देवी काम करती थीं। मंगलवार दोपहर तीनों पर कथित तौर पर पेचकस से हमला किया गया, जिसमें उनकी मौत हो गई।
शोर सुनकर घरों से बाहर आए लोग
घटना के समय कॉलोनी में सब कुछ सामान्य था, लेकिन दोपहर करीब तीन बजे अचानक मकान से तेज आवाजें सुनाई देने लगीं। पड़ोसियों ने बाहर निकलकर देखा तो एक युवक शीला देवी पर पेचकस से हमला करता नजर आया। यह दृश्य देखकर आसपास के लोगों ने शोर मचाया। बताया जा रहा है कि लोगों के विरोध के बाद युवक वहां से भागने लगा। हालांकि, आसपास मौजूद लोगों ने उसका पीछा किया और उसे पकड़ लिया। बाद में आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
चोरी की वजह से हत्या पर पुलिस को संदेह
पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में मामला महज चोरी के लिए की गई हत्या जैसा नहीं दिखाई दे रहा है। हिरासत में लिया गया व्यक्ति परिवार का परिचित बताया जा रहा है और उसका पहले से इस घर में आना-जाना था। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर तीनों पर हमला क्यों किया गया। वारदात के पीछे क्या वजह थी, पकड़े गए व्यक्ति की इसमें क्या भूमिका है और क्या उसके साथ कोई दूसरा शख्स भी शामिल था, इन सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ और जांच आगे बढ़ने के बाद घटना की असली वजह साफ हो सकेगी।
पहले भी सामने आ चुका है हत्या का मामला
देहरादून में इससे पहले प्रेमनगर इलाके में बिहार निवासी एक व्यक्ति की हत्या का मामला सामने आया था। उस मामले में पुलिस ने मृतक की पत्नी और उसके कथित प्रेमी को गिरफ्तार किया था। अब विष्णु लोक कॉलोनी में एक साथ तीन लोगों की हत्या की घटना ने शहर में सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।





















