अयोध्या में दुर्गापूजा और दशहरा उत्सव की तैयारियों को लेकर मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित जिलाधिकारी सभागार में जिला प्रशासन और केंद्रीय दुर्गापूजा एवं रामलीला समन्वय समिति की संयुक्त बैठक हुई। बैठक में पूजा पंडालों, रामलीला स्थलों, बिजली, सफाई, सुरक्षा और यातायात समेत विभिन्न व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई। नगर विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने संबंधित विभागों को सभी जरूरी काम समय से पूरा करने के निर्देश दिए।
विधायक ने कहा कि उत्सव को व्यवस्थित और भव्य स्वरूप देने के लिए प्रशासन को दुर्गापूजा समितियों को हर संभव सहयोग देना चाहिए। उन्होंने विद्युत व्यवस्था पर जोर देते हुए कहा कि वह प्रयास करेंगे कि उत्सव के दौरान पूरे जनपद को बिजली कटौती से मुक्त रखा जाए। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने भी कहा कि इस बार पिछले वर्ष की तुलना में बेहतर व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा और लंबित कार्यों को जल्द पूरा कराया जाएगा।
जिलाधिकारी ने ग्रामीण क्षेत्रों के पूजा पंडालों और पूजा स्थलों पर सफाई के लिए कर्मचारियों की तैनाती करने के निर्देश दिए। वहीं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने पूजा समितियों से शोभायात्राओं में डीजे की आवाज नियंत्रित रखने की अपील की। उन्होंने पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने, सीसीटीवी कैमरे लगाने और पर्याप्त संख्या में स्वयंसेवक तैनात करने को कहा।
केंद्रीय दुर्गापूजा एवं रामलीला समन्वय समिति के जिला अध्यक्ष मनोज जायसवाल ने मांग की कि 10 से 26 अक्टूबर तक पूरे अयोध्या जनपद में 24 घंटे निर्बाध और कटौती मुक्त बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने पूर्व की बैठकों में उठी समस्याओं के शीघ्र समाधान और नगर में बाहरी व अवांछनीय तत्वों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग भी रखी। बैठक में समिति के पदाधिकारियों, रामलीला समितियों के प्रतिनिधियों और जिला प्रशासन के विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।




















