समझाइश के बाद शुरू हुआ काम
फतेहाबाद: डिस्पोजल टैंक निर्माण को लेकर हंगामा, पुलिस और पार्षद की मौजूदगी में शांत हुआ विवाद
फतेहाबाद (हरियाणा)। शहर के स्वामी नगर में नगर परिषद द्वारा डिस्पोजल टैंक के निर्माण कार्य को लेकर शुक्रवार को विवाद की स्थिति बन गई। निर्माण कार्य शुरू कराने पहुंची नगर परिषद की टीम का कुछ स्थानीय लोगों ने विरोध किया, जिसके बाद मौके पर पुलिस बुलानी पड़ी। समझाइश के बाद मामला शांत हुआ और निर्माण कार्य दोबारा शुरू कराया गया।
जानकारी के अनुसार नगर परिषद की टीम सरकारी भूमि पर डिस्पोजल टैंक का निर्माण कराने पहुंची थी। इसी दौरान कुछ स्थानीय निवासी मौके पर एकत्र हो गए और निर्माण कार्य का विरोध करने लगे। विरोध कर रहे लोगों का कहना था कि उनका संबंध ईसाई समुदाय से है और उन्हें आशंका है कि संबंधित भूमि उनके उपयोग से जुड़ी है।
बताया गया कि एक दिन पहले भी नगर परिषद की टीम निर्माण कार्य शुरू कराने पहुंची थी, लेकिन विरोध के चलते उसे वापस लौटना पड़ा था।
शुक्रवार को मौके पर पहुंचे स्थानीय पार्षद ज्ञानी सिंह ने पुलिस की मौजूदगी में लोगों से बातचीत की। उन्होंने आश्वासन दिया कि नगर परिषद द्वारा ईसाई समुदाय को कब्रिस्तान के लिए आवंटित भूमि के साथ किसी प्रकार की छेड़छाड़ नहीं की जाएगी। इसके बाद लोगों का विरोध शांत हो गया और निर्माण कार्य शुरू करा दिया गया।
इस दौरान मौजूद पूर्व सरपंच मनोहर लाल ने बताया कि ईसाई समुदाय के लिए कब्रिस्तान की अलग भूमि पहले ही उपलब्ध कराई जा चुकी है और उसकी चारदीवारी भी कराई गई है। उनके अनुसार जिस स्थान पर डिस्पोजल टैंक का निर्माण किया जा रहा है, उसका कब्रिस्तान की भूमि से कोई संबंध नहीं है।
फिलहाल स्थिति सामान्य बताई जा रही है और नगर परिषद की निगरानी में निर्माण कार्य जारी है।







