पुलिस जांच में जुटी
चंदौली। जिले के कंदवा थाना क्षेत्र के कम्हरिया गांव में कोल्ड ड्रिंक खरीदने के दौरान हुए विवाद और मारपीट के बाद एक 90 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार कम्हरिया गांव निवासी गणेश गुप्ता (90) के पुत्र धर्मराज की गांव में परचून की दुकान है। गुरुवार रात गांव का अभय खरवार कोल्ड ड्रिंक खरीदने दुकान पर पहुंचा था। इसी दौरान दुकानदार के पुत्र संदीप और ग्राहक के बीच लेन-देन को लेकर कहासुनी हो गई, जो मारपीट में बदल गई। घटना में अभय खरवार के घायल होने की भी बात सामने आई है।
बताया जा रहा है कि मारपीट की सूचना मिलने पर गणेश गुप्ता दुकान पर पहुंचे थे। वहां से लौटते समय घर से करीब 25 मीटर पहले अचानक गिरकर अचेत हो गए। परिजन उन्हें तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बरहनी ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर कंदवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। क्षेत्राधिकारी (सदर) देवेंद्र कुमार ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर दुकानदार और ग्राहक से पूछताछ की। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
थाना प्रभारी कंदवा विनोद कुमार अंचल ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृत्यु के कारणों का स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।







