Ishan Kishan Advice to Vaibhav Sooryavanshi: 15 साल के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी इस वक्त वर्ल्ड क्रिकेट में सबसे ज्यादा चर्चा का विषय बने हुए हैं। इतनी कम उम्र में इंटरनेशनल क्रिकेट के मंच पर पहुंचना किसी अजूबे से कम नहीं है। विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन ने वैभव की प्रतिभा की जमकर तारीफ की है। ईशान ने कहा कि वैभव बहुत ही समझदार खिलाड़ी हैं और उन्हें अच्छी तरह पता है कि मैदान पर कैसी बल्लेबाजी करनी है। अगर वैभव क्रीज पर टिक जाएं, तो पहली ही गेंद से हमला कर पावरप्ले में टीम का स्कोर 80-90 रन तक पहुंचा सकते हैं।
ईशान ने दी वैभव को सलाह
ईशान किशन ने बताया कि पूरी टीम का ध्यान इस बात पर है कि इतना युवा और प्रतिभाशाली खिलाड़ी किसी गलत वजह से अपने रास्ते से न भटके। ईशान ने कहा, ‘मैं, अभिषेक शर्मा, अक्षर भाई और टीम के बाकी सीनियर खिलाड़ी वैभव को हमेशा यही समझाते हैं कि सोशल मीडिया और बाहरी शोर-शराबे से दूर रहो और सिर्फ अपने खेल पर फोकस करो।’ सीनियर खिलाड़ियों की कोशिश है कि वैभव करियर की शुरुआत में किसी भी तरह के भटकाव से बचे रहें।
‘वो मेरे ही इलाके का है, परिवार की तरह रखेंगे ध्यान’: बोले ईशान किशन
वैभव के साथ अपने खास जुड़ाव पर बात करते हुए ईशान किशन ने कहा, ‘हम सब एक परिवार की तरह हैं और वैभव भी मेरे ही इलाके का है। इसलिए यह हमारी नैतिक जिम्मेदारी बनती है कि हम उसे खुश रखें और सही दिशा में मार्गदर्शन करें।’ ईशान ने कहा कि वे और अन्य सीनियर खिलाड़ी चाहते हैं कि अपने शुरुआती करियर में जो गलतियां उन्होंने की थीं, वैभव उन्हें न दोहराएं और बिना किसी दबाव के अपने क्रिकेट का पूरा आनंद लें।
ड्रेसिंग रूम में वैभव को सहज बना रहे हैं सीनियर खिलाड़ी
ईशान ने साफ किया कि टीम का हर सदस्य वैभव सूर्यवंशी को ड्रेसिंग रूम के माहौल में पूरी तरह ढालने और सहज महसूस कराने में मदद कर रहा है। सीनियर खिलाड़ियों का अनुभव वैभव के लिए काफी मददगार साबित हो रहा है। टीम प्रबंधन और खिलाड़ियों का मानना है कि सही मार्गदर्शन और सपोर्ट मिलने पर वैभव सूर्यवंशी आने वाले समय में भारतीय क्रिकेट के लिए बहुत बड़े मैच विनर साबित हो सकते हैं।






