लखनऊ। बंथरा थाना क्षेत्र की आजाद विहार कॉलोनी में दहेज में कार की मांग पूरी न होने पर विवाहिता को प्रताड़ित करने और गला दबाकर हत्या की कोशिश करने का मामला सामने आया है। सरोजनीनगर के बदाली खेड़ा निवासी अनामिका ने अपने पति, ससुर, ननद और एक अन्य महिला पर मारपीट करने, जान से मारने की कोशिश करने और स्त्रीधन अपने पास रखने का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर एसीपी कृष्णानगर के आदेश के बाद पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अनामिका के मुताबिक, उसकी शादी 12 नवंबर 2025 को बंथरा के आजाद विहार कॉलोनी निवासी विजय कुमार से हुई थी। आरोप है कि शादी में मायके पक्ष ने 20 लाख रुपये दहेज दिया था और आठ लाख रुपये शादी में खर्च किए थे। इसके बावजूद पति विजय कुमार, ससुर राम मूरत और ननद निर्मला कार की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित करने लगे। पीड़िता ने निर्मला की भांजी सोनी पर भी आरोप लगाए हैं।
विवाहिता का आरोप है कि पति आए दिन उसके साथ मारपीट करता था और गला दबाकर जान से मारने की कोशिश करता था। उसने यह भी आरोप लगाया कि ससुराल वालों ने उसका स्त्रीधन अपने पास रख लिया। अनामिका के मुताबिक, उसने पहले महिला थाने में शिकायत की थी। उस समय समझौते के बाद ससुराल वालों ने आगे प्रताड़ित न करने का आश्वासन दिया, लेकिन इसके बाद भी उत्पीड़न बंद नहीं हुआ।
पीड़िता के अनुसार, 24 जून 2026 की रात करीब 11 बजे पति और ससुर ने उसके साथ लात-घूंसों से मारपीट की। आरोप है कि इस दौरान पति ने उसका गला दबाने का प्रयास किया। किसी तरह अपनी जान बचाकर वह बंथरा थाने पहुंची, लेकिन उसके मुताबिक वहां शिकायत के बावजूद आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने एसीपी कृष्णानगर से गुहार लगाई। एसीपी के आदेश पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।





















