लखनऊ के सरोजनीनगर क्षेत्र में बिजनौर थाना अंतर्गत तेज रफ्तार अज्ञात ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से स्कूटी सवार दंपती गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा औरंगाबाद स्थित ओमैक्स सिटी तिराहे के पास हुआ। दोनों को इलाज के लिए निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां बुजुर्ग महिला रीना देवी (60) की मौत हो गई। उनके पति राजेश कुमार (64) का उपचार जारी है। घटना के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
पुलिस के मुताबिक, राजेश कुमार बाराबंकी जिले के दरियाबाद के रहने वाले हैं और खादी ग्रामोद्योग बोर्ड में सहायक विकास अधिकारी के पद से सेवानिवृत्त हैं। वह अपनी पत्नी रीना देवी और बच्चों के साथ बिजनौर के कटरा मोहल्ले में हरी मस्जिद के पास रहते हैं। शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे राजेश स्कूटी से पत्नी को लेकर अपने गांव दरियाबाद जा रहे थे। घर से कुछ दूर पहुंचने पर ओमैक्स सिटी तिराहे के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी स्कूटी में टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी सड़क पर दूर तक घिसटती चली गई और दंपती गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस और परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजन दोनों को नजदीकी निजी अस्पताल लेकर गए, जहां इलाज के दौरान रीना देवी ने दम तोड़ दिया। राजेश कुमार का इलाज जारी है। परिवार में दो बेटे और तीन बेटियां हैं।
सूचना मिलने के बाद पुलिस ने रीना देवी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस फरार ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक के संबंध में जानकारी जुटाते हुए मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है। हादसे के बाद परिवार में शोक का माहौल है। पुलिस के अनुसार, घटना से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है।





















