लखनऊ के सरोजनीनगर स्थित पिपरसंड के स्टडी हॉल कॉलेज में शुक्रवार को डांडिया नाइट-2026 का आयोजन किया गया। रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में सजे छात्र-छात्राओं ने डांडिया नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में उत्साह भर दिया। इस आयोजन में विद्यार्थियों के साथ शिक्षक और कॉलेज के पूर्व विद्यार्थी भी शामिल हुए। संगीत, नृत्य और विभिन्न प्रतियोगिताओं ने उत्सव को खास बना दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ स्टडी हॉल एजुकेशनल फाउंडेशन की संस्थापिका डॉ. उर्वशी साहनी ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद कॉलेज के समष्टि कल्चरल क्लब के सदस्यों ने स्वागत नृत्य प्रस्तुत किया। संगीत की धुन पर विद्यार्थियों ने डांडिया खेलकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। पेंटिंग एवं स्केचिंग, पॉट डेकोरेशन, मेहंदी, नृत्य और बेस्ट अटायर जैसी प्रतियोगिताओं में भी प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रतियोगिताओं के विजेताओं की घोषणा के साथ डांडिया प्रिंस और डांडिया प्रिंसेस का चयन भी कार्यक्रम के प्रमुख आकर्षणों में शामिल रहा।
डॉ. उर्वशी साहनी ने कहा कि ऐसे आयोजन भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाने के साथ युवाओं में एकता और समावेशिता की भावना मजबूत करते हैं। नेचर ग्रिड एनर्जी के प्रबंध निदेशक आशीष जायसवाल ने कहा कि सांस्कृतिक मंच विद्यार्थियों को संगीत और नृत्य के जरिए अपनी प्रतिभा दिखाने तथा देश की विविधता को समझने का अवसर देते हैं। कॉलेज की पूर्व छात्रा दिया कश्यप ने भी उत्सव के अनुभव को यादगार बताया।
कार्यक्रम में शेफ के मुख्य परिचालन अधिकारी आनंद चित्रवंशी, मुख्य लेखा अधिकारी काली सौरभ शंकर, सिद्धार्थ शुक्ला, प्रथा मेहरोत्रा, विद्यास्थली कानार इंटर कॉलेज की प्राचार्या शिप्रा वर्मा, स्टडी हॉल स्कूल की प्राचार्या डॉ. प्रतिमा श्रीवास्तव और कॉलेज निदेशक डॉ. हिमांशु सिंह सहित कई लोग मौजूद रहे। आयोजन को नेचर ग्रिड एनर्जी, याक एंटरप्राइजेज, वेबग्रेड टेक्नोलॉजीज और आरसी रेव्ड गैराज ने प्रायोजित किया। अन्य सहयोगी संस्थानों ने भी कार्यक्रम में योगदान दिया।





















