रामसनेहीघाट, बाराबंकी। कोतवाली क्षेत्र में गाजीपुरपुर के पास रविवार देर शाम तेज रफ्तार कार की टक्कर से साइकिल सवार 70 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने घायल बुजुर्ग को तत्काल अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया।
मीरपुर मजरे गाजीपुर निवासी रामनाथ रावत (70) रविवार देर शाम साइकिल से घरेलू सामान लेकर अपने घर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि गाजीपुरपुर के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि रामनाथ सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसा देख मौके पर मौजूद राहगीर तुरंत मदद के लिए आगे आए और घायल रामनाथ को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने उनका इलाज शुरू किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। बुजुर्ग की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही को लेकर चिंता भी देखने को मिली। ग्रामीणों ने हादसे वाले क्षेत्र में वाहनों की गति पर नियंत्रण और सड़क सुरक्षा के इंतजाम मजबूत किए जाने की मांग की है।






















