नवाबगंज टोल प्लाजा पर नई दरें लागू
उन्नाव। कानपुर-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएचएआई) पर सफर करने वाले वाहन चालकों को अब अधिक टोल टैक्स चुकाना होगा। नवाबगंज टोल प्लाजा पर संशोधित टोल दरें आज रात 12 बजे (23 जुलाई से प्रभावी) लागू हो जाएंगी। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की ओर से जारी नई दरों के अनुसार विभिन्न श्रेणी के वाहनों के टोल शुल्क में बढ़ोतरी की गई है।
नई दरों के तहत कार, जीप और वैन का टोल शुल्क 95 रुपये से बढ़ाकर 100 रुपये कर दिया गया है। वहीं हल्के वाणिज्यिक वाहन (एलसीवी) और पिकअप के लिए टोल 160 रुपये निर्धारित किया गया है। बस और ट्रक चालकों को अब 340 रुपये टोल देना होगा।
इसी तरह तीन एक्सल वाले वाहनों के लिए टोल शुल्क 370 रुपये, चार से छह एक्सल वाले वाहनों के लिए 535 रुपये, जबकि सात या उससे अधिक एक्सल वाले भारी वाहनों के लिए 650 रुपये निर्धारित किया गया है।
स्थानीय नियमित यात्रियों के लिए भी मासिक और वार्षिक पास की नई दरें लागू की गई हैं। लोकल मासिक पास 360 रुपये तथा वार्षिक पास 3,075 रुपये निर्धारित किया गया है।
एनएचएआई के अनुसार संशोधित टोल दरें देशभर में लागू वार्षिक शुल्क संशोधन प्रक्रिया के तहत प्रभावी की जा रही हैं। नई दरें लागू होने के बाद कानपुर-लखनऊ हाईवे पर नियमित सफर करने वाले निजी और व्यावसायिक वाहन चालकों की यात्रा लागत में वृद्धि होगी।







