परिवार में मचा कोहराम
चंदौली। जिले के धनापुर कस्बे में सर्पदंश की दर्दनाक घटना में चार वर्षीय मासूम की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे कस्बे में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, धनापुर कस्बा निवासी पवन सेठ का चार वर्षीय पुत्र रघुनाथ मंगलवार देर शाम अपने घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान उसे जहरीले सांप ने डस लिया। परिजनों ने जब बच्चे की तबीयत बिगड़ते देखी तो तत्काल उसे उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने मासूम को बचाने का हरसंभव प्रयास किया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मासूम की असामयिक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद पूरे मोहल्ले में शोक का माहौल है और बड़ी संख्या में लोग पीड़ित परिवार को सांत्वना देने पहुंचे।
बरसात के मौसम में सर्पदंश की घटनाओं में बढ़ोतरी को देखते हुए स्वास्थ्य विशेषज्ञ लोगों से सतर्क रहने की अपील कर रहे हैं। घरों के आसपास साफ-सफाई बनाए रखने, बच्चों को खुले स्थानों पर अकेले न खेलने देने तथा सर्पदंश की स्थिति में झाड़-फूंक के बजाय तत्काल अस्पताल पहुंचने की सलाह दी जा रही है।







