बोले- चर्चा से भाग रहा विपक्ष; अखिलेश ने लाठीचार्ज की जांच मांगी
लखनऊ। लखनऊ में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने नीट पेपर लीक मामले को लेकर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार संसद में इस मुद्दे पर चर्चा के लिए पूरी तरह तैयार है, लेकिन विपक्ष चर्चा से बच रहा है और छात्रों को गुमराह कर रहा है। चौधरी ने कहा कि पेपर लीक की घटना दुर्भाग्यपूर्ण थी, जिस पर सरकार ने गंभीरता से कार्रवाई करते हुए दोबारा परीक्षा कराई और मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने का निर्णय लिया।
उन्होंने राहुल गांधी पर सदन की बजाय सड़क की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार युवाओं के हितों के प्रति प्रतिबद्ध है। इस दौरान उन्होंने विपक्ष से सवाल किया कि जब सरकार चर्चा के लिए तैयार है तो संसद क्यों नहीं चलने दी जा रही है।
वहीं समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि आंदोलन के दौरान सादे कपड़ों में लोगों से लाठीचार्ज कराया गया। उन्होंने इसकी निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि यदि ऐसे लोगों की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई तो यह माना जाएगा कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुलिस की वर्दी पहनकर छात्रों और युवाओं पर लाठियां चलाईं।







