श्रावस्ती। मल्हीपुर थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार बोलेरो ने एक के बाद एक टक्कर मारकर हड़कंप मचा दिया। जमुनहा बस स्टैंड के पास बोलेरो ने 17 वर्षीय युवक अरशद रहमान को जोरदार टक्कर मार दी। इसके बाद चालक ने कलकलवा के पास एक ई-रिक्शा को भी चपेट में ले लिया। हादसे में कुल चार लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है, जिनमें एक की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बोलेरो की रफ्तार काफी तेज थी और टक्कर के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। एक के बाद एक हादसे की खबर से आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां एक घायल की हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने बोलेरो संख्या UP40 M 3679 को कब्जे में ले लिया। वाहन से बीयर की बोतलें मिलने की बात सामने आई है, जिसके बाद चालक के नशे में वाहन चलाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, चालक के नशे में होने की आधिकारिक पुष्टि जांच और मेडिकल परीक्षण के बाद ही स्पष्ट होगी।
हादसे के बाद बोलेरो चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। लगातार हुई टक्करों से इलाके में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और चालक के खिलाफ आगे क्या कार्रवाई की जाएगी।






















