सितंबर में पांच पाकिस्तानी आतंकी ढेर
जम्मू। जम्मू-कश्मीर में आतंकियों के खिलाफ सुरक्षाबलों का अभियान सितंबर में भी जारी रहा। सुरक्षाबलों ने अलग-अलग इलाकों में चलाए गए करीब 12 आतंकवाद रोधी अभियानों में पांच पाकिस्तानी आतंकियों को मार गिराया। सुरक्षा एजेंसियां अब भी जम्मू-कश्मीर में सक्रिय करीब 28 से 32 आतंकियों की तलाश में जुटी हैं।
सितंबर के दौरान बडगाम, पुंछ, राजोरी, कठुआ, उधमपुर, रियासी, डोडा और किश्तवाड़ समेत कई इलाकों में आतंकियों की तलाश में अभियान चलाए गए। सुरक्षाबलों ने जंगलों और पहाड़ी क्षेत्रों में आतंकियों की घेराबंदी के साथ उनके संभावित ठिकानों और आवाजाही के रास्तों पर भी दबाव बढ़ाया।
बडगाम के यूसमर्ग इलाके में यासिर के बाद लश्कर-ए-ताइबा के आतंकी कमांडर हाशिम मूसा को सुरक्षाबलों ने मार गिराया। वहीं जम्मू क्षेत्र में मुस्तफा और सद्दाम समेत अन्य आतंकियों को भी अभियान के दौरान ढेर किया गया।
सुरक्षाबलों की रणनीति आतंकियों को सुरक्षित ठिकाना नहीं मिलने देने और खुफिया सूचनाओं के आधार पर लगातार दबाव बनाए रखने पर केंद्रित रही। दक्षिण पीर पंजाल के जंगलों में भी अभियान चलाकर आतंकियों की तलाश की गई। सुरक्षा एजेंसियों के बीच खुफिया सूचनाओं के आदान-प्रदान और संयुक्त अभियानों पर भी जोर दिया गया।
रक्षा विशेषज्ञों के अनुसार, आतंकवाद विरोधी अभियानों में विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया जा रहा है। उनका कहना है कि साझा खुफिया सूचनाओं के आधार पर अभियान चलाए जाने से आतंकियों के खिलाफ कार्रवाई को प्रभावी बनाने में मदद मिल रही है।




















