लखनऊ के सरोजनीनगर थाना क्षेत्र में अंडे की दुकान चलाने वाले युवक ने एक व्यक्ति पर गाली-गलौज, मारपीट, जान से मारने की धमकी और दुकान में तोड़फोड़ करने का आरोप लगाया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मूल रूप से देवरिया जिले के बरहज थाना क्षेत्र के मेहिमवां नवापार निवासी लक्ष्मण पाल सरोजनीनगर की शिवपुरी कॉलोनी में किराए पर रहकर पशु चिकित्सालय, गौरी के सामने अंडे की दुकान लगाता है। लक्ष्मण के मुताबिक, इसी दुकान से वह अपने परिवार का भरण-पोषण करता है।
आरोप है कि एक अक्टूबर की शाम शिवम शुक्ला उसकी दुकान पर पहुंचा और बिना किसी कारण गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने लक्ष्मण के साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद दुकान पर रखी अंडों की कई क्रेट तोड़ दी गईं, जिससे उसे काफी नुकसान हुआ।
पीड़ित ने घटना की शिकायत सरोजनीनगर पुलिस से की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है और मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।





















