रुड़की में होगा आयोजन; लखनऊ की रैली 10 अक्टूबर को
लखनऊ। उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के सभी जिलों के अभ्यर्थियों के लिए अग्निवीर भर्ती रैली सोमवार, 5 अक्टूबर से रुड़की में शुरू होगी। भर्ती रैली 12 अक्टूबर तक चलेगी। मध्य कमान प्रशासन की ओर से जिलेवार कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। लखनऊ के अभ्यर्थियों के लिए भर्ती रैली 10 अक्टूबर को निर्धारित की गई है।
मध्य कमान के जनसंपर्क अधिकारी शांतनु प्रताप सिंह के अनुसार, लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थी अब चयन प्रक्रिया के अगले चरण में शामिल होंगे। इस चरण में दौड़ और अन्य शारीरिक परीक्षाएं होंगी। उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के अभ्यर्थियों के लिए अग्निवीर क्लर्क-एसकेटी की भर्ती प्रक्रिया भी इसी रैली के माध्यम से पूरी की जाएगी।
दस्तावेजों का सत्यापन होगा
रैली स्थल पर अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा। अभ्यर्थियों को अपने सभी जरूरी मूल दस्तावेज साथ लाने होंगे। ऑनलाइन सत्यापन के लिए आधार से लिंक मोबाइल नंबर साथ रखना भी जरूरी होगा।
अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र के अलावा पैन कार्ड, आधार कार्ड, पुलिस चरित्र प्रमाणपत्र और 20 पासपोर्ट आकार की रंगीन फोटो लानी होंगी। इसके साथ शैक्षणिक योग्यता, मूल निवास, जाति, स्कूल चरित्र, धर्म, चरित्र और अविवाहित होने से संबंधित प्रमाणपत्र भी प्रस्तुत करने होंगे।
एनसीसी और खेलकूद से संबंधित प्रमाणपत्र रखने वाले अभ्यर्थियों को वे भी साथ लाने होंगे। सभी मूल दस्तावेजों की फोटोकॉपी के तीन सेट लाना अनिवार्य बताया गया है। रैली स्थल पर आवश्यक शपथपत्र भी तैयार किए जाएंगे।
सेना ने अभ्यर्थियों से भर्ती रैली में निर्धारित तिथि और समय पर पहुंचने तथा सभी जरूरी दस्तावेज पूरे रखने की अपील की है।




















