यूपी में आज से फिर बदलेगा मौसम ; चलेंगी पुरवा हवाएं
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मानसून की विदाई के बाद एक बार फिर मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। सोमवार से प्रदेश के तराई क्षेत्रों में हवा का रुख बदलकर पछुआ से पुरवा होने की संभावना है। नेपाल से सटे तराई के जिलों में कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। पश्चिमी तराई के कुछ जिलों में भी हल्की बारिश के आसार हैं। इसके अलावा वाराणसी, आजमगढ़ और बलिया में बादलों की सक्रियता बढ़ सकती है।
क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, तराई क्षेत्रों में बूंदाबांदी के कारण तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। इससे लोगों को दिन के समय पड़ रही गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। रविवार शाम से ही पूर्वी तराई के जिलों में बादलों की आवाजाही बढ़ गई थी और सोमवार को इसके और सक्रिय होने की संभावना है।
दो दिन तक मौसम में बदलाव के संकेत
राजधानी लखनऊ में भी सोमवार से मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। हवा का रुख पुरवा होने के साथ बादलों की आवाजाही बढ़ेगी। हालांकि राजधानी में बारिश की संभावना नहीं जताई गई है। धूप और बादलों की आवाजाही के बीच तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है।
रविवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 34.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.7 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 0.2 डिग्री कम रहा।
मौसम विभाग के अनुसार, पुरवा हवाओं के साथ बादलों की सक्रियता बढ़ने से दिन के तापमान में मामूली गिरावट के आसार हैं। इससे मानसून की विदाई के बाद बढ़ी गर्मी से प्रदेश के कुछ हिस्सों में लोगों को राहत मिल सकती है।





















