बहराइच। जिले के शहरी इलाकों में पिछले 60 घंटे से बिजली आपूर्ति बाधित होने से लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। बिजली न आने से परेशान लोगों ने मेडिकल कॉलेज के पास सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस बैरिकेडिंग लगाकर रास्ता बंद कर दिया गया, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। करीब दो किलोमीटर तक जाम लगने से राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि लंबे समय से बिजली आपूर्ति बाधित होने के बावजूद बिजली विभाग के अधिकारियों से संपर्क नहीं हो पा रहा था। अधिकारियों के फोन बंद होने से लोगों की परेशानी और बढ़ गई। लगातार बिजली गुल रहने से नाराज लोगों ने सड़क पर उतरकर विरोध जताया और आवागमन रोक दिया।
सड़क जाम की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस ने लोगों से बातचीत कर स्थिति को शांत कराया। इसके बाद बैरिकेडिंग हटाकर रास्ता खुलवाया गया, जिससे वाहनों की आवाजाही फिर से शुरू हो सकी।
यह पूरा मामला कोतवाली देहात क्षेत्र में मेडिकल कॉलेज के पास का है। करीब 60 घंटे से बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बिजली संकट को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी बनी हुई है।
रिपोर्ट: रोहित श्रीवास्तव





















