बाराबंकी। जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने शुक्रवार को विकासखंड बंकी के प्राथमिक विद्यालय पलिया मसूदपुर का औचक निरीक्षण किया। कक्षाओं में पहुंचकर उन्होंने बच्चों से बातचीत की और सवाल पूछकर उनकी पढ़ाई और समझ का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान डीएम ने बच्चों के साथ सहज अंदाज में संवाद किया, जिससे कक्षा का माहौल भी सामान्य निरीक्षण के बजाय सीखने-सिखाने जैसा नजर आया।
डीएम ने कुछ बच्चों को ब्लैक बोर्ड पर बुलाकर गणित के सवाल हल कराए। सवाल हल करते समय उन्होंने बच्चों को आसान तरीके और ट्रिक भी समझाई, ताकि वे कम समय में प्रश्न को समझकर सही उत्तर तक पहुंच सकें। छात्रा जान्हवी ने जब गणित का सवाल सही तरीके से हल किया तो जिलाधिकारी ने उसकी सराहना करते हुए उसका उत्साह बढ़ाया। डीएम ने शिक्षकों से भी बच्चों की पढ़ाई के स्तर को लगातार बेहतर करने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने शिक्षकों की उपस्थिति और शिक्षण कार्य की स्थिति भी देखी। उन्होंने बच्चों से मिड-डे मील के बारे में पूछा और जानना चाहा कि उन्हें भोजन में क्या मिला तथा उसकी गुणवत्ता कैसी थी। इसके बाद उन्होंने विद्यालय की रसोई का निरीक्षण कर साफ-सफाई और भोजन तैयार करने की व्यवस्था देखी। उन्होंने बच्चों को निर्धारित मानकों के अनुसार गुणवत्तापूर्ण और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
इसके बाद डीएम ने विद्यालय परिसर स्थित आंगनबाड़ी केंद्र और आयुष्मान आरोग्य मंदिर का भी जायजा लिया। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं और वहां उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। साथ ही बहुउद्देश्यीय पंचायत भवन पलिया मसूदपुर का निरीक्षण कर उसकी व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विद्यालय, आंगनबाड़ी केंद्र, आयुष्मान आरोग्य मंदिर और पंचायत भवन जैसी जनोपयोगी संस्थाओं में साफ-सफाई और जरूरी सुविधाएं बेहतर रखी जाएं, ताकि ग्रामीणों और बच्चों को सरकारी सेवाओं का सही लाभ मिल सके।






















