Barabanki News: सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनीकोडर क्षेत्र के लोधेसिंहपुरवा में लखनऊ-अयोध्या राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर और एएनएम सेंटर इन दिनों बदहाली का शिकार है। ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बनाए गए इस केंद्र की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि केंद्र पर एएनएम की तैनाती होने के बावजूद यह नियमित रूप से नहीं खुलता। इसके चलते आसपास के लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं के लिए दूसरे केंद्रों या अस्पतालों का रुख करना पड़ता है।
कभी-कभार ही खुलता है केंद्र
स्थानीय ग्रामीण मंशाराम, मायाराम और सुरजन ने बताया कि स्वास्थ्य केंद्र कभी-कभार ही खुलता है। नियमित रूप से केंद्र न खुलने के कारण ग्रामीणों को इसका अपेक्षित लाभ नहीं मिल पा रहा है। वहीं, साफ-सफाई और रखरखाव की व्यवस्था ठीक न होने से केंद्र परिसर में जगह-जगह गंदगी जमा है। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बारिश में तालाब बन जाता है परिसर
बारिश के दिनों में केंद्र की समस्या और बढ़ जाती है। परिसर में पानी की निकासी के लिए उचित इंतजाम नहीं होने के कारण बारिश का पानी अंदर तक भर जाता है। जलभराव के बाद पूरा परिसर तालाब जैसा दिखाई देने लगता है। गंदगी और पानी के बीच ग्रामीणों के लिए स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचना भी मुश्किल हो जाता है। ऐसे में लोगों ने संबंधित अधिकारियों से केंद्र की नियमित सफाई, जलनिकासी की व्यवस्था दुरुस्त कराने और स्वास्थ्य केंद्र को नियमित रूप से खुलवाने की मांग की है।
रिपोर्ट: सूरज सिंह सिसोदिया






















