बहराइच में आईजीआरएस संदर्भों के निर्धारित समय-सीमा में निस्तारण और पोर्टल पर समय से आख्या अपलोड नहीं करने के मामले में जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने तीन अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। संबंधित प्रकरण डिफाल्टर श्रेणी में प्रदर्शित होने से जनपद की रैंकिंग प्रभावित हुई। मामले में अधिशासी अभियंता विद्युत, सदर बहराइच, उप जिलाधिकारी नानपारा और तहसीलदार पयागपुर की लापरवाही सामने आई है।
जिलाधिकारी के निर्देश पर तीनों अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर तीन दिन के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने को कहा गया है। इसके साथ ही अधिशासी अभियंता विद्युत, सदर बहराइच और उप जिलाधिकारी नानपारा का 30 सितंबर 2026 का एक दिन का वेतन रोका गया है। वहीं तहसीलदार पयागपुर का 27 सितंबर 2026 का एक दिन का वेतन रोका गया है।
नोटिस में संबंधित अधिकारियों से यह भी स्पष्ट करने को कहा गया है कि निर्धारित समय-सीमा में आईजीआरएस प्रकरणों का निस्तारण नहीं करने के लिए उनके खिलाफ प्रतिकूल प्रविष्टि की कार्रवाई क्यों न की जाए। जिलाधिकारी ने सभी लंबित आईजीआरएस प्रकरणों का तत्काल और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आईजीआरएस संदर्भों के निस्तारण में समय-सीमा और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। निर्धारित अवधि में स्पष्टीकरण प्राप्त नहीं होने या जवाब संतोषजनक नहीं पाए जाने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही को स्वीकार नहीं किया जाएगा।





















