महिला समेत तीन घायल; पुलिस से कार्रवाई की मांग
एटा के अलीगंज में महिला समेत परिवार पर हमला, तीन घायल; पुलिस बोली- जानकारी लेकर होगी कार्रवाई
एटा। जनपद के अलीगंज कस्बे की काशीराम कॉलोनी में मारपीट की एक घटना सामने आई है। एक परिवार ने आरोप लगाया है कि आधा दर्जन से अधिक लोगों ने घर के बाहर खड़े परिवार पर हमला कर दिया, जिसमें एक महिला, उसका बेटा और देवर घायल हो गए। पीड़ित परिवार ने आरोपियों पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है।
पीड़िता सम्पत देवी ने थाना अलीगंज में दी गई तहरीर में बताया कि वह अपने बेटे ओमशिव गुप्ता और देवर लखन गुप्ता के साथ घर के बाहर खड़ी थीं। आरोप है कि इसी दौरान अनवार, गफ्फार सहित अन्य लोग वहां पहुंचे। पहले गाली-गलौज की गई और फिर मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने पहुंचे बेटे और देवर को भी पीटा गया। घटना में तीनों को चोटें आई हैं।
पीड़ित परिवार का कहना है कि हमलावर जाते समय जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। परिवार का यह भी आरोप है कि इससे पहले भी कई बार इसी तरह की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन प्रभावी कार्रवाई न होने से आरोपियों के हौसले बढ़े हुए हैं।
घटना के बाद कॉलोनी में तनाव का माहौल बताया जा रहा है। पीड़ित परिवार ने पुलिस से सुरक्षा और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।
पुलिस का पक्ष:
इस संबंध में क्षेत्राधिकारी से बात किए जाने पर उन्होंने बताया कि मामला अभी उनके संज्ञान में नहीं है। उन्होंने कहा कि जानकारी प्राप्त कर नियमानुसार आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।







