सुल्तानपुर के अखंडनगर क्षेत्र में मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सहजनपुर अंडरपास के पास पुलिस ने घेराबंदी कर दो कारों को रोकने की कोशिश की, जिसके बाद आरोप है कि कार सवारों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दो आरोपी गोली लगने से घायल हो गए, जबकि उनके तीन अन्य साथियों को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए आरोपियों की पहचान खुर्शीद आलम निवासी जैतपुर, बलरामपुर, प्रशांत सिंह निवासी बल्दीराय, सुल्तानपुर, रोहित तिवारी, अंकुर प्रजापति और रामबाबू के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान बलेनो और वरना कार से करीब 1.8 किलोग्राम संदिग्ध मादक पदार्थ बरामद हुआ। पुलिस ने इसकी पहचान मॉर्फिन के रूप में की है और बरामद माल की अनुमानित कीमत करीब पांच करोड़ रुपये बताई जा रही है। मौके से दो तमंचे और कारतूस भी बरामद किए गए हैं।
सीओ कादीपुर विनय कुमार के अनुसार, शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी कथित तौर पर ओडिशा से मादक पदार्थ लाकर उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों में सप्लाई करते थे। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है। मुठभेड़ में घायल दोनों आरोपियों को इलाज के लिए अखंडनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
इस कार्रवाई के बाद पुलिस अब पूरे तस्करी नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। खास तौर पर यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इतनी बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ कहां पहुंचाया जाना था और इसके पीछे कौन-कौन लोग जुड़े हैं। फिलहाल पांचों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।






















