न्यूयार्क।आज रात व्हाइट हाउस में स्टेट डिनर, व्यापार, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और ताइवान समेत कई मुद्दों पर होगी बातचीत
वॉशिंगटन। चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग तीन दिवसीय राजकीय यात्रा पर अमेरिका पहुंच गए हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को प्रोटोकॉल से अलग कदम उठाते हुए मैरीलैंड स्थित ज्वाइंट बेस एंड्रयूज पर पहुंचकर शी जिनपिंग और उनकी पत्नी पेंग लियुआन का खुद स्वागत किया। ट्रंप के इस स्वागत को दोनों देशों के संबंधों के लिहाज से खास संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।
शी जिनपिंग की यह यात्रा एक दशक से अधिक समय बाद व्हाइट हाउस की यात्रा है। हालांकि, वह आखिरी बार नवंबर 2023 में अमेरिका आए थे। गुरुवार को व्हाइट हाउस में उनके सम्मान में औपचारिक स्वागत समारोह आयोजित किया जाएगा। इसके बाद ट्रंप और शी के बीच द्विपक्षीय बातचीत होगी। शाम को ईस्ट रूम में राजकीय रात्रिभोज आयोजित किया जाएगा।
बैठक में अमेरिका और चीन के बीच व्यापारिक तनाव कम करने और व्यापार समझौते को आगे बढ़ाने पर चर्चा होने की उम्मीद है। इसके अलावा कृत्रिम बुद्धिमत्ता, महत्वपूर्ण खनिज और दुर्लभ मृदा तत्वों की आपूर्ति, तकनीकी प्रतिस्पर्धा तथा ताइवान की सुरक्षा प्रमुख मुद्दे रहेंगे। दोनों देशों के बीच व्यापार युद्ध और तकनीकी प्रतिस्पर्धा लंबे समय से संबंधों में तनाव का कारण रहे हैं।
राजकीय रात्रिभोज में अमेरिका की प्रमुख प्रौद्योगिकी और कारोबारी कंपनियों के शीर्ष अधिकारियों के शामिल होने की संभावना है। इनमें एआई और तकनीकी क्षेत्र से जुड़े कई प्रमुख नाम शामिल हैं। अमेरिकी प्रशासन के लिए चीन के साथ व्यापार और तकनीकी संबंधों को संभालना महत्वपूर्ण है, जबकि बीजिंग ताइवान और तकनीकी प्रतिबंधों सहित कई मुद्दों पर अपनी स्थिति रख सकता है।





















