सोनिया गांधी की किताब पर निशिकांत दुबे का हमला
राम मंदिर, बाबरी मस्जिद और मेनका गांधी का जिक्र कर उठाए सवाल, बोले- किताब में खुद को अच्छा और बाकी दुनिया को बुरा दिखाने का प्रयास
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के सांसद निशिकांत दुबे ने कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की किताब को लेकर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि किताब में संजय गांधी को नकारात्मक चरित्र और राजीव गांधी को नायक के रूप में पेश करने की कोशिश की गई है। दुबे ने किताब में किए गए दावों की सत्यता पर सवाल उठाते हुए कहा कि जिन नेताओं से जुड़े प्रसंगों का उल्लेख किया गया है, वे अब इस दुनिया में नहीं हैं। ऐसे में उनके पक्ष को कौन सामने रखेगा और दावों की पुष्टि कैसे होगी?
झारखंड की गोड्डा लोकसभा सीट से भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने कहा कि यह किस तरह का री-लॉन्च है? सोनिया गांधी ने अपनी किताब में संजय गांधी को विलेन और राजीव गांधी को हीरो के रूप में प्रस्तुत किया है। इन दावों का जवाब देने के लिए न तो संजय गांधी जीवित हैं, न इंदिरा गांधी और न ही राजीव गांधी। ऐसे में यह कौन तय करेगा कि किताब में लिखी गई बातें सही हैं या गलत?
राम मंदिर और बाबरी मस्जिद के मुद्दे पर भी घेरा
निशिकांत दुबे ने आपातकाल और राम मंदिर से जुड़े प्रसंगों का उल्लेख करते हुए भी सोनिया गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने सवाल किया कि यदि सोनिया गांधी आपातकाल की इतनी ही विरोधी थीं, तो 1980 के चुनाव में इंदिरा गांधी ने संजय गांधी को चुनाव मैदान में क्यों उतारा? उनकी जगह राजीव गांधी को क्यों नहीं आगे किया गया?
दुबे ने 1989 के लोकसभा चुनाव से पहले राम जन्मभूमि मंदिर की आधारशिला रखे जाने और कारसेवकों पर गोली चलाए जाने के प्रसंग का भी जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि जब कारसेवकों पर गोलियां चलाई गईं, तब सोनिया गांधी ने वैसी प्रतिक्रिया नहीं दी, जैसी बाबरी मस्जिद ढहाए जाने के बाद देखने को मिली। उन्होंने इस मुद्दे पर सोनिया गांधी के रुख को लेकर सवाल उठाए।
मेनका गांधी को घर से निकाले जाने का भी किया जिक्र
भाजपा सांसद ने गांधी परिवार के आंतरिक रिश्तों का मुद्दा उठाते हुए मेनका गांधी का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी भारतीय सभ्यता और संस्कृति को ठीक से नहीं समझती हैं। भारतीय संस्कृति में संयुक्त परिवार, बड़ों और छोटों की भूमिका तथा सास-बहू के रिश्तों का विशेष महत्व है। उन्होंने सवाल किया कि जब मेनका गांधी को परिवार के घर से बाहर किया जा रहा था, तब क्या सोनिया गांधी को बुरा नहीं लगा था?
किताब को बताया आत्मप्रशंसा का माध्यम
निशिकांत दुबे ने आरोप लगाया कि सोनिया गांधी की यह किताब खुद की तारीफ करने का माध्यम है। इसमें स्वयं को बेहतर और बाकी दुनिया को गलत दिखाने का प्रयास किया गया है। उन्होंने इसे भारतीय संस्कृति के विपरीत बताते हुए कहा कि किताब में प्रस्तुत किए गए दावों और ऐतिहासिक घटनाओं को लेकर सवाल उठने स्वाभाविक हैं।





















