लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के उत्तराखंड के लोगों को घुसपैठिया बताने संबंधी बयान पर तीखा पलटवार किया है। उन्होंने व्यक्तिगत टिप्पणी करते हुए कहा कि अगर उत्तराखंड की बेटी न आई होती तो अखिलेश यादव आज सैफई में भैंस चरा रहे होते। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश का रिश्ता केवल भौगोलिक नहीं, बल्कि सांस्कृतिक, सामाजिक और भावनात्मक भी है। ऐसे में देवभूमि के लोगों के प्रति अपमानजनक टिप्पणी किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विडंबना है कि जो लोग बांग्लादेशी और पाकिस्तानी घुसपैठियों के सामने झुकते हैं, वही उत्तराखंड जैसे देवभूमि के लोगों पर सवाल उठा रहे हैं। उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के बीच ऐतिहासिक संबंधों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि हमने उत्तराखंड का पानी पिया है और वहां का अन्न खाया है। वहां की संस्कृति, परंपराएं और राष्ट्र के प्रति समर्पण हमेशा प्रेरणा देते रहे हैं। चुनौतियों को स्वीकार करना और उनका मुकाबला करना हमारे संस्कारों में शामिल है।
योगी ने उत्तराखंड की राष्ट्रीय सुरक्षा और सैन्य क्षेत्र में भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि इस धरती ने देश को कई ऐसी महान विभूतियां दी हैं, जिन्होंने अपनी प्रतिभा और साहस से भारत का गौरव बढ़ाया है। इनमें पूर्व सीडीएस जनरल बिपिन रावत, वर्तमान सीडीएस जनरल अनिल चौहान और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल प्रमुख हैं। उन्होंने वीर चंद्र सिंह गढ़वाली के अदम्य साहस और देश के प्रति समर्पण का भी स्मरण किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के लोगों का देश की रक्षा और सुरक्षा व्यवस्था में योगदान अविस्मरणीय है। यहां की धरती ने सेना को ऐसे जांबाज सैनिक दिए हैं, जिन्होंने देश की सीमाओं की सुरक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया है। उन्होंने इन सभी महान हस्तियों और देश की रक्षा में योगदान देने वाले वीर जवानों को नमन किया।
माफिया के प्रति सहानुभूति जताने वालों पर भी साधा निशाना
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कुछ लोगों की संवेदनाएं उत्तराखंड की लोक परंपराओं, लोक संस्कृति और वहां के लोगों की भावनाओं के प्रति दिखाई नहीं देतीं। लेकिन जब किसी दुर्दांत माफिया के प्रति सहानुभूति जताने का अवसर आता है तो वे आंसू बहाने लगते हैं। ऐसे लोगों से देवभूमि की संस्कृति, अस्मिता और गौरव के सम्मान की अपेक्षा कैसे की जा सकती है।
उन्होंने कहा कि समाज को जाति, क्षेत्र और भाषा के आधार पर बांटने की कोशिश करने वाली ताकतों से सतर्क रहने की जरूरत है। भारत की सांस्कृतिक विविधता ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है। उत्तराखंड की लोक संस्कृति, परंपराओं और विशिष्ट पहचान को सम्मान मिलना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड के पारंपरिक व्यंजनों की ब्रांडिंग करने और वहां के कलाकारों को प्रोत्साहित करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय संस्कृति और स्थानीय प्रतिभाओं को पहचान दिलाना जरूरी है। समाज को बांटने के बजाय आपसी सद्भाव, सांस्कृतिक एकता और राष्ट्रीय गौरव को मजबूत करने की दिशा में काम होना चाहिए।





















